26 को दस जिलों में साइकिल रैली, मतदान के लिए करेंगे प्रेरित
साइकलिंग एसोसिएशन हिमाचल की ओर से लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के मकसद से 10 जिलों में साइकिल रैली करवाई जाएगी। रैली के माध्यम से लोगों को एक जून को मतदान करने के लिए जागरूक किया जाएगा। साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ हिमाचल के अध्यक्ष दिनेश मल्होत्रा और सचिव मोहित सूद ने बताया कि मतदाता उपस्थिति बढ़ाने, लोगों को वोट का महत्व बताने के लिए 26 मई को रैली निकाली जाएगी। रैली राजधानी शिमला से शुरू हो कर कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, चंबा, सोलन, लाहौल स्पीति, बिलासपुर, सिरमौर और हमीरपुर जिले को कवर करेगी। साइकलिस्ट 15 किमी लूप पैडल में शहर के चारों ओर घूमेंगे और लोगों को स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान करने को प्रेरित करेंगे। वहीं, मतदान का महत्व और आवश्यकता विषय पर प्रतियोगिताएं भी होंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आधारशिला है। साइकिल रैली के माध्यम से यह संदेश सभी क्षेत्रों में नागरिकों तक पहुंचना हमारा लक्ष्य है ताकि मतदाता को वोट की ताकत का सही से आभास हो। एसोसिएशन हिमाचल नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को भी रैली में शामिल होने का आग्रह करती है। हर समुदाय, सरकारी, गैर सरकारी संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।