मेडिकल और कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर मिले, लैब स्टाफ की तैनाती न होने से विभाग शुरू करने का मामला लटका
विज्ञापन
मरीजों को रात के समय झेलनी पड़ रही है परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में आपातकालीन विभाग (इमरजेंसी) अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। सरकार ने मेडिकल ऑफिसर और कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति के 17 अक्तूबर को आदेश जारी कर दिए थे।
चिकित्सकों ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है और उनका प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है, लेकिन इमरजेंसी सेवा अभी तक शुरू नहीं हुई। लैब और अन्य सहयोगी स्टाफ न होने से इमरजेंसी सेवा शुरू करने का मामला अनिश्चितकाल के लिए लटक गया है। चमियाना अस्पताल प्रबंधन ने सरकार से इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने के लिए रिक्त पड़े लैब तकनीशियन, लैब असिस्टेंट, एक्सरे तकनीशियन, ओटी असिस्टेंट के पदों को भरने को अनुमति मांगी है। दो माह बीत जाने पर भी सरकार से अनुमति न मिलने से लैब स्टाफ के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। अस्पताल प्रबंधन ने सरकार को भेजे प्रस्ताव में रिक्त पदों को भरने या फिर आउटसोर्स पर इन पदों को भरे जाने की अनुमति देने की मांगी की है। लैब स्टाफ भर्ती होने पर ही इमरजेंसी सेवा शुरू हो पाएगी। बिना लैब स्टाफ इमरजेंसी सेवा शुरू करने का कोई मतलब नहीं रहेगा। इमरजेंसी में आने वाले मरीज को चेक करने के बाद डाक्टर सबसे पहले टेस्ट ही लिखता है। इसके लिए लैब की सुविधा नहीं होगी तो इमरजेंसी में मरीजों का उपचार करना संभव नहीं हो पाएगा।
विज्ञापन
टेस्ट करवाने के लिए कम है स्टाफ
चमियाना अस्पताल में दिन के समय आने वाले आठ विभागों के सैकड़ों मरीजों के टेस्ट क्रस्ना लैब और अस्पताल की सरकारी लैब में किए जा रहे हैं। इसके लिए भी स्टाफ कम है। ऐसे में रात को आपातकालीन विभाग शुरू होने पर आने वाले मरीजों के टेस्ट के लिए स्टाफ की व्यवस्था करना अस्पताल प्रबंधन के लिए संभव नहीं है। यह नई भर्ती होने पर ही संभव होगा।
सरकार को भेजे हैं प्रस्ताव : डॉ. सुधीर
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना के एमएस डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार से लैब तकनीनिशयन, लैब असिस्टेंट, ओटी असिस्टेंट, एक्सरे तकनीशियन के पदों को भरने की मंजूरी के लिए प्रस्ताव लगातार भेजे जा रहे हैं। मंजूरी मिलने पर ही नई भर्ती होगी, उसके बाद ही आपातकालीन विभाग में 24 घंटे उपचार की सुविधा शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि जल्द सरकार से पद भरने या इसे आउटसोर्स पर भरने की मंजूरी मिल जाएगी।