उपमंडल में बुधवार सुबह एक 11वीं कक्षा के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिजली की रॉड से पानी गर्म करने गए छात्र के स्विच को हाथ लगाते ही उसे करंट का झटका लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल के लिए रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार सिद्धपुर के गुजरगहरा निवासी शिवम पुत्र सतपाल बुधवार सुबह सवा सात बजे आटा चक्की वाले कमरे में पानी की बाल्टी और रॉड लेकर गया। यहां आटा चक्की के स्विच को हाथ लगाते ही उसे करंट का झटका लगा और वह जमीन पर गिर गया।
आवाज होने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शिवम को जमीन पर गिरा हुआ पाया। इस पर उसे परिजन गाड़ी के माध्यम से उपचार के लिए सरकाघाट ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर धर्मपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया।
उधर, एसएचओ धर्मपुर सूरम सिंह ने बताया कि करंट से एक छात्र की मौत की सूचना मिली है। बताया कि पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। प्रशासन की ओर से परिजनों को दस हजार रुपये राहत राशि दी गई है।