बैठक में बिलों की रिकवरी और लंबित भुगतान के मामलों पर विस्तार से चर्चा
बोर्ड के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बिजली बिलों की रिकवरी और लंबित भुगतान के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि बिल जमा करने की निर्धारित अंतिम तारीख समाप्त होने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से ऐसे मामलों में, जहां बकाया राशि उपभोक्ता की जमा सिक्योरिटी राशि से अधिक हो जाती है।
प्रदेश में बिजली बोर्ड के करीब 28 लाख उपभोक्ता
प्रबंधन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बार-बार नोटिस जारी करने और उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए याद दिलाने में समय बर्बाद करने के बजाय वसूली की कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित किया जाए। बोर्ड का मानना है कि समय पर बिजली बिलों की वसूली नहीं होने से आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। ऐसे में राजस्व संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सख्ती जरूरी है। प्रदेश में बिजली बोर्ड के करीब 28 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। इनसे हर महीने बिजली बिलों के माध्यम से राजस्व प्राप्त होता है।
कई सरकारी विभागों के बिजली बिल भी लंबे समय से लंबित
कई सरकारी विभागों के बिजली बिल भी लंबे समय से लंबित हैं। सरकारी विभागों पर बकाया राशि के कारण बोर्ड की वित्तीय स्थिति पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसे देखते हुए प्रबंधन ने सरकारी विभागों से भी लंबित बिजली बिलों की वसूली तेज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को बकाया राशि की नियमित समीक्षा करने और वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया है।