इलेक्ट्रिक बसों के लिए मंडी में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। अस्थायी स्टेशन बनते ही इलेक्ट्रिक बसें मनाली-कुल्लू से मंडी होते हुए सुंदरनगर पहुंचेंगी।
वर्तमान में मनाली कुल्लू रूट और कोठी तक इलेक्ट्रिक बस को चलाया जा रहा है।
कुल्लू डिपो को वर्ष 2018 के पहले महीने में 25 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है। इसे देखते हुए ही मंडी में चार्जिंग स्टेशन खोलने पर काम किया जा रहा है।
हालांकि, मनाली और कुल्लू में अस्थायी चार्जिंग स्टेशन खोला गया है, लेकिन रूट को बढ़ाने के लिए मंडी में भी इसकी आवश्यकता आंकी जा रही है।
बसों की संख्या बढ़ने की उम्मीद पर रूट बढ़ाने के लिए इस चार्जिंग स्टेशन पर काम किया जा रहा है। ढाई घंटे चार्ज करने पर ये बसें करीब 240 किलोमीटर सफर तय करती हैं।
एक समय पर चार्जिंग स्टेशन में एक ही बस को चार्ज किया जा सकता है। ऑफ सीजन में मनाली से सुंदरनगर तक इलेक्ट्रिक बसें चलने से पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।
25 सीटर इलेक्ट्रिक बसों को मनाली से रोहतांग रूट पर चलाने के लिए खरीदा गया है, लेकिन वर्तमान में बर्फ के चलते रोहतांग के लिए बसें चलाना संभव नहीं है।
इस पर ऑफ सीजन पर अन्य जगह ये बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। इधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने बताया कि मंडी में बस अड्डा में चार्जिंग स्टेशन को लेकर प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
कार छोड़ इलेक्ट्रिक बस में हो रहा सफर
इलेक्ट्रिक बस बेहद आरामदायक है। कुदरती नजारों का मजा लेने के लिए विशेष तौर पर बनीं इलेक्ट्रिक बसों में इन दिनों मनाली से कुल्लू कई लोग कार छोड़कर सफर कर रहे हैं।
आरामदायक सीटें होने पर यात्री इस बस में सफर कर रहे हैं। बर्फ के दीदार के लिए भी पर्यटक बस में बुकिंग को पहुंच रहे हैं।