हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार व विधानसभा की छह सीटों के लिए 1 जून को मतदान होगा। चुनाव नतीजे 4 जून को घोषित होंगे। कुछ घंटों में मतदान शुरू हो जाएगा। वहीं, इस बार भाजपा बाजी मारेगी या फिर कांग्रेस जीत का स्वाद चखेगी ये तो आने वाले समय में पता चलेगा, लेकिन अमर उजाला पर जानें कि चुनावों की क्या स्थिति और क्या समीकरण हैं।
हिमाचल में विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने इस बार बागी विधायकों को उन्हीं सीटों से उम्मीदवार बनाया गया, जहां से वे 2022 के विधानसभा चुनाव में जीतकर आए थे। इन विधायकों के नाम राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, इंदर दत्त लखनपाल, रवि ठाकुर, चैतन्य शर्मा और दविंदर भुट्टो हैं। इन्हें भाजपा ने सुजानपुर, धर्मशाला, बड़सर, लाहौल-स्पीति, गगरेट और कुटलैहड़ विधानसभा सीटों से भाजपा ने टिकट दिया है। ऐसे में इस बार ऊंट किस करवट बैठता है ये देखने लायक होगा।
इस बार हिमाचल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के तमाम स्टार प्रचारकों ने राज्य के कोने-कोने में चुनावी रैलियां और रोड शो कर लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने के लिए जनता से समर्थन मांगा। प्रधानमंत्री मोदी ने शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्र में बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित किया तो कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों में अमित शाह और जेपी नड्डा ने हुंकार भरी। जेपी नड्डा ने शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्रों में भी रैलियां कीं।