इसके अतिरिक्त पेयजल की आपूर्ति को सुचारू और सुनिश्चित बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण सिंचाई योजना से भी बढ़ाल पंचायत को जोड़ा जा रहा है, जिसके अंतर्गत 14 करोड़ 35 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे और पंचायत के निवासियों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरहाना के साथ पूरी बढ़ाल पंचायत से सदैव ही उन्हें सहयोग और आशीर्वाद मिलता है जिसके लिए वह उनका धन्यवाद करते हैं। अपने कार्यक्रम के अगले चरण में शिक्षा मंत्री राजकीय चिकित्सालय जुब्बल पहुंचे जहां पर उन्होंने चिकित्सालय में चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। अस्पताल के अधिकारियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल जुब्बल एक बड़ा चिकित्सा संस्थान है और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ और मजबूत बनाने के उदेश्य से इस अस्पताल में कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। साथ ही उन्होंने अस्पताल में नर्सों, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के खाली पड़े कुछ पदों को भरने का आश्वासन भी दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को किया सम्मानित
अपने कार्यक्रम के अंतिम चरण में शिक्षा मंत्री ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल पहुंचे, जहां पर उन्होंने ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रावास की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि प्राप्त छात्राओं को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। उन्होंने जुब्बल की ख्याति धांटा, कोटखाई की प्रीति और सिरमौर की रिया को चीन में आयोजित आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य मीनाक्षी तांटा, पूर्व उप प्रधान यशपाल रथटा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, तहसीलदार जुब्बल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा, अधिशासी अभियंता जुब्बल, प्रधानाचार्य केशव शर्मा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधिगण, अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।