हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक एकरूपता लाने के लिए सभी कॉम्प्लेक्स स्कूलों में अब एक समान अवकाश सारणी लागू होगी। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी उप शिक्षा निदेशकों और स्कूल प्रमुखों को तत्काल प्रभाव से निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। निदेशालय के संज्ञान में आया था कि कई कॉम्प्लेक्स स्कूलों में संचालित विभिन्न शिक्षण संस्थान अलग-अलग अवकाश सारणियों का पालन कर रहे हैं। एक ही परिसर में स्थित स्कूलों में छुट्टियों और कार्य दिवसों में अंतर होने से न केवल प्रशासनिक समन्वय प्रभावित हो रहा था, बल्कि छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर एक स्कूल खुला रहता था, जबकि उसी परिसर का दूसरा स्कूल बंद रहता था, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही थी।