मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक कानून (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष वीरवार को पेश नहीं हुए। इसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ नया समन जारी कर दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नए समन में वीरभद्र सिंह को आगामी 20 अप्रैल को जांच अधिकारी (आईओ) के समक्ष पेश होने को कहा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि वीरभद्र सिंह के पेश नहीं होने के कारण उनके खिलाफ पीएमएलए के तहत नया समन जारी किया गया है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि सिंह ने अपनी गैरहाजिरी के संबंध में ईडी से बात की है या नहीं। गौरतलब है कि ईडी ने पीएमएलए के प्रावधानों के तहत सिंह से पूछताछ करने और उनका बयान दर्ज करने के लिए उन्हें तलब किया था।
उल्लेखनीय है कि ईडी की यह कार्रवाई वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी और अन्य के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोत से अधिक करीब 10 करोड़ रुपये की संपत्ति इकट्ठा करने के आरोप में सीबीआई की ओर से आरोप पत्र दाखिल किए जाने के बाद हुई है।
इस मामले में ईडी उनकी पत्नी प्रतिभा और पुत्र विक्रमादित्य से पहले ही पूछताछ कर चुका है। सितंबर 2015 में सीबीआई की ओर से शिकायत दर्ज होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने संज्ञान लेते हुए वीरभद्र सिंह, उनके परिजन और अन्य के खिलाफ पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था।