हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिक, वीर नारियां और पूर्व सैनिकों के आश्रित ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के लिए 64 केबी के स्मार्ट ईसीएचएस कार्ड 31 मार्च तक बना सकेंगे। विभाग ने कार्ड बनाने की तिथि 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च कर दी है। आवेदक ईसीएचएस वेरिफिकेशन एप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर आवेदनों संबंधी जानकारी ले सकते हैं।
इसमें अगर कोई त्रुटि या खामी पाई जाती है तो एप पर आवेदन का स्टेटस चैक कर लाभार्थी उसे दुरुस्त करवा सकते हैं। विभाग ने इससे पूर्व लाभार्थियों के 16 केबी और 31 केबी के स्मार्ट ईसीएचएस कार्ड बनाए हैं। 16 केबी वाले कार्डों की वैद्यता 31 मार्च को समाप्त होगी। 32 केबी के कार्ड वर्ष 2024 तक चलेंगे।
अब विभाग अधिक मेमोरी क्षमता वाले 64 केबी के कार्ड बना रहा है, जो लाभार्थियों की जीवन में करवाई गई इलाज प्रक्रिया और दवाइयों की जानकारी भी रखेगा। कार्ड पर लगी चिप के सहयोग से लाभार्थी पूर्व में करवाए गए इलाज की जानकारी भी ले सकेंगे। लाभार्थी एक जगह से दूसरी जगह इलाज करवाने जाता है तो चिकित्सक पूर्व में लाभार्थी की ओर से किए गए दवाइयों के कोर्स को देखकर उसका उपचार शुरू कर सकते हैं।
सूबे में ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के लाभार्थियों की संख्या 1.60 लाख से ज्यादा है। हमीरपुर में इनकी संख्या 36 हजार है। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक हमीरपुर के ऑफिसर इंचार्ज कर्नल कृष्ण चंद का कहना है कि 64 केबी के कार्डों को बनाने की तिथि 31 मार्च तक बढ़ा दी गई है।