उत्तर भारत में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे आए भूकंप से हिमाचल में भी धरती कांप उठी। प्रदेश के अधिकांश जिलों में शुक्रवार रात 10:34 से 10: 36 बजे के बीच भूकंप के दो से तीन झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.1 आंकी गई है। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि उत्तर भारत में आए हुए भूकंप के झटकों को हिमाचल में भी महसूस किया गया। उन्होंने बताया कि अभी जानमाल के नुकसान की कहीं से भी कोई सूचना नहीं है। हमीरपुर, सोलन, सिरमौर, ऊना, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, शिमला, बिलासपुर आदि जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार 5 मिनट की अवधि में दो भूकंप आए। भूकंप का इसका पहला केंद्र ताजिकिस्तान रहा और दूसरा केंद्र पंजाब का अमृतसर रहा। ताजिकिस्तान में भूकंप की तीव्रता 6.3 रही, जबकि अमृतसर में 6.1 तीव्रता मापी गई।