क्लाइमेट चेंज रोकने के लिए मनाए जाने वाले अर्थ ऑवर डे का हिस्सा आप भी बन सकते हैं। इसके लिए बस आपको शनिवार शाम एक घंटे के लिए बिजली उपकरण बंद रखने हैं।
डब्ल्यू डब्ल्यू एफ प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर आरती गुप्ता का कहना है कि अर्थ डे के मौके पर हर साल पूरी दुनिया में कार्बन उत्सर्जन को रोकने के लिए यह कदम उठाया जाता है।
इस बार भी अमेरिका से लेकर जापान और रूस से लेकर ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के करीब 150 देशों ने प्रण किया है कि वे एक घंटे तक बिजली के उपकरणों का प्रयोग नहीं करेंगे।
उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वे शनिवार शाम 8:30 से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए अपने घरों में बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल न करें।
सिडनी से हुई थी अर्थ ऑवर की शुरुआत
वर्ष 2007 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर से अर्थ ऑवर की शुरुआत हुई। एक शहर से शुरू हुई इस अनोखी पहल में दुनिया के सैकड़ों शहर शामिल हो चुके हैं।
एक घंटे के लिए ये शहर इस उम्मीद में अंधेरे में डूब जाते हैं कि आने वाली पीढ़ियों को प्रदूषण और क्लाइमेट चेंज की स्याही न झेलनी पड़े।