अब टुटीकंडी में चार्ज की जाएंगी इलेक्टि्रक बसें संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के पुराने बस अड्डे से हिमाचल पथ परिवहन निगम का इलेक्टि्रक चार्जिंग स्टेशन हटा दिया जाएगा। बीते दिनों पुराने बस अड्डे में बसाें की टक्कर से हुए हादसे के बाद एचआरटीसी ने यह फैसला लिया है। गौरतलब है कि इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी।
पुराने बस अड्डे में अधिक भीड़ होने से भविष्य में ऐसा कोई हादसा पेश न आए इसके लिए अब पुराने बस अड्डे में बसें चार्ज नहीं होंगी। टुटीकंडी क्रॉसिंग में ही अब इलेक्टि्रक बसें चार्ज की जाएंगी। पुराने बस अड्डे में इलेक्टि्रक बसों को चार्ज करने से अक्सर जाम लग जाता था। जाम से राहत दिलाने के लिए भी एचआरटीसी ने टुटीकंडी क्रॉसिंग में चार्जिंग स्टेशन बनाया है।
विज्ञापन
टुटीकंडी क्राॅसिंग में कर्मचारियों के लिए रेस्ट रूम की सुविधा न होने पर रात के समय बसें चार्ज नहीं होती। क्राॅसिंग में अब रात 9:00 बजे तक बसें चार्ज हो रही हैं लेकिन पुराने बस अड्डे में हुए हादसे को देखते हुए निगम ने पुराने बस अड्डे से चार्जिंग स्टेशन हटाने का फैसला लिया है। अब पुराने बस अड्डे की जगह टुटीकंडी क्राॅसिंग में ही बसें चार्ज होंगी। एचआरटीसी की ओर से टुटीकंडी क्राॅसिंग में कर्मचारियों के लिए रेस्ट रूम बनाया जाएगा। यहां रात के समय कर्मचारियों को ठहरने के लिए सुविधा दी जाएगी। रात के समय टुटीकंडी क्राॅसिंग में ही बसें चार्ज होगी। निगम ने इलेक्टि्रक बसों को चार्ज करने के लिए टुटीकंडी क्राॅसिंग में एमसी पार्किंग में चार्जिंग स्टेशन बनाया है। यहां एक साथ तीन इलेक्टि्रक बसें चार्ज हो रही हैं। इनमें नई इलेक्टि्रक बस चार्ज होने के लिए एक घंटा और पुरानी इलेक्टि्रक बस चार्ज करने के लिए 35 मिनट का समय लग रहा है। एचआरटीसी की 68 बसों का शहर में संचालन किया जाता है। शहर में इलेक्टि्रक बसों की रफ्तार बढ़ाने के लिए तारादेवी में भी चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है।
कोट
पुराने बस अड्डे से चार्जिंग स्टेशन हटाया जाएगा। टुटीकंडी क्राॅसिंग में बनाए चार्जिंग स्टेशन में ही इलेक्टि्रक बसें चार्ज होंगी। टुटीकंडी क्राॅसिंग में कर्मचारियों के लिए रेस्ट रूम बनाया जाएगा। अब रात के समय भी यहां बसें चार्ज होगी। - विनोद शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी