शिमला से चनावग-धामी बस के चालक के खिलाफ सवारियों ने की थी आरएम से शिकायत, दूसरा चालक भेजकर वापस शिमला लाई बस
विज्ञापन
सड़क से बाहर की तरफ भी ले गया कई बार बस
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में परिवहन निगम के एक चालक की शराब के नशे में बस चलाने और काम में लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने पर निगम ने आरोपी चालक को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं।
निगम की यूनिट टू की शिमला- चनावग वाया धामी रूट पर रविवार को दोपहर 1:20 बजे बस अड्डे से चली बस के चालक पर बस में सवार लोगों ने क्षेत्रीय प्रबंधक से शिकायत की थी। इस पर निगम प्रशासन ने चालक को सस्पेंड कर उसका मेडिकल करवा लिया है। इसकी रिपोर्ट आना बाकी है। बस अड्डे से निकली इस बस के चालक पर आरोप है कि वह शराब के नशे में बस चला रहा था, इसके साथ बस में धूम्रपान भी कर रहा था। सवारियों के मुताबिक दो से तीन जगह चालक बस को सड़क से बाहर भी लेकर गया। इस पर घबराई सवारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक को कॉल कर पूरी स्थिति से अवगत करवाया, उस समय बस दाड़गी पहुंच गई थी। निगम के अधिकारियों ने बस अड्डे से दूसरा चालक भेजकर बस को वापस शिमला पहुंचाया। इसके साथ ही आरोपी चालक को साथ लाकर इसका मेडिकल करवाया ताकि उसके शराब या नशे में बस चलाने के आरोप की पुष्टि हो। रिपोर्ट आने पर विभाग चालक के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। चालक पर लगे इन गंभीर आरोपों के साथ सोशल मीडिया पर भी किसी सवारी ने पोस्ट डाला था, जिस पर निगम ने संज्ञान लिया और तुरंत कार्रवाई की। चालक पर लगे इन गंभीर आरोपों से निगम के चालक और कार्यप्रणाली पर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रोजाना निगम की बसों में लाखों लोग इस विश्वास से सफर करते हैं कि निगम के चालक-परिचालक अधिक जिम्मेदार होते हैं। इस घटना से निगम की साख को भी नुकसान हुआ है।
परिवहन निगम के यूनिट दो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंकुर वर्मा ने माना कि चालक की सवारियों ने उन्हें कॉल कर शिकायत की थी। इस पर चालक को भेजकर बस को वापस शिमला लाया गया। आरोपी चालक का मेडिकल करवाया है, जिसकी अभी रिपोर्ट नहीं आई है। चालक को फौरी तौर पर काम में लापरवाही बरतने और उस पर लगे आरोपों के आधार पर सस्पेंड कर दिया है।