नई बाइक खरीदने के लिए जब माता पिता से पैसे नहीं मिले तो युवक ने ड्रामा खड़ा कर दिया। यह जान देने के लिए हाइवे के बीच में लेट गया। इससे ट्रैफिक भी बाधित हो गया। मामला हिमाचल के जिला ऊना का है।
यहां जिला मुख्यालय के एमसी पार्क के पास नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। हुआ यूं कि एक युवक नेशनल हाईवे के बीचों-बीच लेट गया। युवक को लेटता देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
इस ड्रामे को देखकर हर कोई हैरान था। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह एक युवक रोटरी चौक के समीप अपने मां-बाप से किसी बात को लेकर बहस कर रहा था। देखते ही देखते युवक ने अपना आपा खोते हुए अभद्र व्यवहार तक करना शुरू कर दिया।
बाइक के लिए मांग रहा था मोटी रकम, नहीं मिली तो किया ड्रामा
बताया जा रहा है कि युवक अपने माता-पिता से बाइक लेने के लिए मोटी रकम की मांग कर रहा था। उसके माता-पिता घरेलू काम के लिए बैंक से नकदी निकाल कर आ रहे थे कि युवक ने अपने माता-पिता को रास्ते में घेर लिया और रकम लेने की हठ करने लगा।
जब माता-पिता ने अपने बेटे को पैसे देने से इंकार कर दिया तो वह उल्टा उनसे उलझ पड़ा। तब स्थानीय दुकानदारों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत किया, लेकिन थोड़ी ही देर में युवक ने हाईवोल्टेज ड्रामा रचा और खुद नेशनल हाईवे के बीचोंबीच लेट गया।
बाद में मौके से भाग गया युवक
इससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जबकि, लोगों की भीड़ इस ड्रामे को देखने के लिए उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों ने युवक को सड़क से किनारे हटाया, तब युवक वहां से भाग गया। युवक की हरकतों के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।