सड़क में बिखरे पत्थरों और कीचड़ में फंसते रहे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बारिश से चमियाना अस्पताल जाने वाले सैकड़ों मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों की राह मुश्किल हो गई। अस्पताल को जाने वाली सड़क के कच्चे करीब सौ मीटर हिस्से को मिट्टी डालकर समतल किया था लेकिन बारिश के कारण अब मिट्टी धुल गई है। इस कारण सड़क पर छोटी नालियां बन गई हैं जिससे वाहनों को गुजरने में मुश्किल हो रही है।
बारिश के कारण शुक्रवार को यहां दिनभर वाहन फंसते रहे। भट्ठाकुफर से चमियाना अस्पताल तक जाने वाली सड़क पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए पीक ऑवर्स में बड़े ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। लेकिन धरातल पर इस पर अमल नहीं हो रहा। चमियाना अस्पताल के फैकल्टी एसोसिएशन के सचिव डाॅ. यशवंत वर्मा ने कहा कि पीक ऑवर्स में बड़े वाहनों की आवाजाही पर उपायुक्त ने आदेश जारी कर रोक लगाई थी लेकिन मगर सुबह शाम फोरलेन कंपनी के वाहन चल रहे हैं। लगातार हो रही बारिश से अस्पताल को जाने वाली सड़क के कच्चे हिस्से की चढ़ाई में शुक्रवार को छोटे वाहन गड्ढों में फंसते रहे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क की हालत को सुधारने और पीक आवर्स में कंपनी के बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।