उत्तराखंड की तर्ज पर हिमाचल में भी समान नागरिक संहिता लागू करने का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समर्थन करेगा। हिमाचल प्रांत के संघ चालक डॉ. वीर सिंह रांगड़ा ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसे मुद्दे चिंताजनक है। इसको लेकर आरएसएस लगातार लोगों से संपर्क करके जागरूक कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश को श्रेष्ठ बनाने के लिए समाज को श्रेष्ठ बनाने की आवश्यकता होती है। इसको लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लगातार लोगों के बीच जाकर समाज में गुणवत्ता विस्तार करने की योजना पर काम कर रहा है। डॉ. रांगड़ा ने कहा कि संघ शताब्दी वर्ष में सांगठनिक विस्तार के साथ संघ समाज में गुणवत्ता संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज को सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज में महापुरुषों के कार्यों को जाति, पंथ के भेद से ऊपर उठकर स्वीकार करना चाहिए और उनके माध्यम से समाज को सकारात्मक परिवर्तन के लिए आगे बढ़ना चाहिए। उनके साथ विभाग संघचालक राजकुमार वर्मा और प्रांत प्रचार प्रमुख प्रताप समयाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।