कांगड़ा की बेटी ने बिना कोचिंग राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (सुपर स्पेशलिस्ट) पास कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। कांगड़ा जिले के योल कैंट की डॉ. सपना संदल ने नीटएसएस में ऑल इंडिया में दूसरा रैंक हासिल किया है।
अब डॉ. सपना संदल श्रीगंगा राम मेडिकल कॉलेज दिल्ली में बतौर सुपर स्पेशलिस्ट सेवाएं देंगी। डॉ. सपना की प्रारंभिक पढ़ाई डीएवी नरवाणा से हुई है। वर्ष 2010 में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा से एमबीबीएस की।
2014 में एमडी (बाल रोग विशेषज्ञ) करने के बाद डॉ. सपना का चयन सीनियर रेजिडेंट के लिए पीजीआई चंडीगढ़ के लिए हुआ। सीनियर रेजिडेंट पूरी करने के बाद इस बार उन्होंने नीटएसएस में ऑल इंडिया में दूसरा स्थान हासिल किया है।
सपना की छोटी बहन शिवाली ने भी एमबीबीएस की है। पिता मिल्खी राम एलआईसी धर्मशाला ऑफिस में बतौर विकास अधिकारी सेवाएं दे रहे हैं। माता कमला संदल गृहिणी हैं।
डॉ. सपना के पिता ने कहा कि दोनों बेटियां पढ़ने में बचपन से होनहार रही हैं। जमा दो तक दोनों अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान पर रहती थीं। उसके बाद बिना कोचिंग लिए दोनों ने एमबीबीएस में प्रवेश लिया और आगे की पढ़ाई करती रही हैं।