शिमला के सौ कुत्तों को लिया गोद
शिमला। शहर में लावारिस कुत्तों के आतंक को कम करने के लिए नगर निगम का फार्मूला सफल होने लगा है। एक हफ्ते में ही लावारिस कुत्तों को गोद लेने का आंकड़ा सौ के पार पहुंच गया है।
सोमवार को नगर निगम आयुक्त पंकज राय की अध्यक्षता में इस योजना को लेकर बैठक बुलाई गई। इसमें वीपीएचओ डॉ. नीरज मोहन, निगम पार्षद, सामाजिक संगठन और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में आयुक्त ने बताया कि अब तक 40 लोगों ने लावारिस कुत्तों को गोद ले लिया है। व्यापार मंडल और दूसरी संस्थाओं ने 60 कुत्ते गोद लिए हैं। मालरोड, सब्जी मंडी एरिया के सभी कुत्ते गोद लिए गए हैं। नगर निगम इनके लिए सब्जी मंडी और मालरोड पर छोटे पाउंड बनाएगा जिसमें लोग इन कुत्तों के लिए खाना दे सकेंगे। रोज खाना मिलने से लावारिस कुत्ते इसमें आकर रहने लगेंगे। रोज खाना देने के लिए व्यापार मंडल तैयार हो गया है। नगर निगम आयुक्त पंकज राय ने कहा कि योजना के तहत कई नए आवेदन आए हैं।
गोद लेने पर कूड़ा शुल्क और पार्किंग फ्री
शहर में लावारिस कुत्तों को गोद लेने पर नगर निगम ने कूड़ा शुल्क और पार्किंग शुल्क में छूट दे रखी है। कई लोग ऐसे भी हैं जो समाजसेवा के तौर पर इस काम को करने के लिए आगे आ रहे हैं। शहर में करीब दो हजार लावारिस कुत्ते हैं जो आए दिन लोगों को काट रहे हैं। इस योजना से इनके आतंक में कमी आ सकेगी।