सूत्र बताते हैं कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) की टीम मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के लिए पहुंचने वाली है। इसी के मद्देनजर कॉलेज में स्टाफ बढ़ाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज में अगले बैच की तैयारी चल रही है। नया बैच बैठाने को लेकर एमसीआई का दौरा अहम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर कई चिकित्सकों को मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। वह यहां कब तक रहेंगे, इसका कोई जिक्र नहीं है। अकेले सिरमौर जिले से ही 20 चिकित्सकों की तैनाती नाहन मेडिकल कॉलेज में की गई है।
पांवटा साहिब सिविल अस्पताल से ही छह चिकित्सक नाहन लगाए गए हैं जबकि ददाहू से एक, संगड़ाह खंड से पांच और राजगढ़ खंड से तीन चिकित्सकों को नाहन में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।चलोग, गलानाघाट और धामला पीएचसी से चिकित्सकों को नाहन बुलाने से वह फार्मासिस्टों के सहारे हो गई हैं।
सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि आला अधिकारियों से मिले निर्देशों के अनुसार जिले के विभिन्न अस्पतालों में तैनात 20 चिकित्सकों को नाहन मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. जय श्री शर्मा ने बताया कि एमसीआई का दौरा औचक रहता है। इसकी किसी को जानकारी नहीं होती।