जिला मंडी के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला चिकित्सक से छेड़छाड़ व मारपीट के बाद रोजाना दो घंटे की हड़ताल पर चल रहे डॉक्टर शुक्रवार से नियमित काम पर लौट जाएंगे। पहले की तरह वह अब सुबह से ओपीडी में बैठकर मरीजों का उपचार करेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ले ली है। सीएम ने खंड चिकित्सा अधिकारी घुमारवीं की सस्पेंशन को शीघ्र बहाल करने और मेडिपर्सन एक्ट को लागू करने का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन ने सीएम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों को शीघ्र सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने की मांग रखी। साथ ही इन संस्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही गृह मंत्रालय से मेडिपर्सन एक्ट को शीघ्र अधिसूचित कर लागू करने का भी मामला उठाया।
मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई घटना की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। सीएम ने कहा कि पीएचसी में सुरक्षा एवं सीसीटीवी कैमरे, अलार्मिंग हूटर के साथ लगवाए जाएंगे। इससे पहले हिमाचल प्रदेश चिकित्सक संघ की बैठक हुई ।
इसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर जीवानंद चौहान ने की। इस बैठक में प्रदेश के महासचिव डॉक्टर पुष्पिंदर वर्मा, मुख्य सलाहकार डॉ. संतलाल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ.अनुपम बधन, डॉक्टर प्रवीण चौहान, डा. विकास ठाकुर, डा. अशोक चौहान सहित अन्य डाक्टर मौजूद थे।