रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन का आईजीएमसी प्रबंधन से आग्रह
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में चिकित्सक और मरीज के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों में सुधार करने मांग उठने लगी है। उच्च स्तरीय कमेटी की सिफारिशों और आरडीए की मांग के अनुसार अभी यह इंतजाम नहीं किए गए हैं।
रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (आरडीए) आईजीएमसी शिमला के अध्यक्ष डॉ. सोहिल शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. मधुप अरोड़ा, महासचिव डॉ. आदर्श ने अस्पताल के हर वार्ड में पैनिक बटन की सुविधा शुरू करने और 24 घंटे इमरजेंसी सिक्योरिटी रिस्पांस टीम की तैनाती करने की मांग की है। आरडीए पदाधिकारियों ने कहा कि अभी तक अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई कारगर कदम जमीनी स्तर पर नहीं उठाया गया है। आरडीए ने सरकार और आईजीएमसी प्रबंधन से अस्पताल और वार्डों में सुरक्षा इंतजामों कड़े करने, पैनिक बटन, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। अध्यक्ष ने कहा कि इस दिशा में जल्द उचित कदम उठाने जरूरी हैं। गौरतलब है कि बीते माह एक डॉक्टर और मरीज के बीच मारपीट हो गई थी। इसके बाद सरकार ने डॉक्टर की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए थे जिसके बाद डॉक्टरों ने विरोध स्वरूप प्रदेशभर के अस्पतालों में काम बंद कर दिया था। बाद में सरकार ने यह फैसला वापस ले लिया था तथा डॉक्टर और मरीज के बीच भी समझौता हो या था। इस घटना के बाद आईजीएमसी में सुरक्षा के इंतजाम कड़े करने की मांग उठने लगी है।