भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन के लिए भानुपल्ली जंक्शन तक डायवर्जन ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। वहीं इस डायवर्जन ट्रैक के लिए 260 मीटर के 28 पैनल मंगलवार रात पहुंच चुके हैं। पैनल बिछाने का काम भी शुरू हो गया है। इस डायवर्जन ट्रैक के तैयार होने के बाद भानुपल्ली जंक्शन हाल्ट से जंक्शन बन जाएगा। रेल लाइन के पहले जंक्शन भानुपल्ली के लिए पंजाब के दसग्राईं से भानुपल्ली तक यह 3.2 किलोमीटर का डायवर्जन ट्रैक बिछाया गया है।
रेल लाइन में आनंदपुर से नंगल रनिंग लाइन का पुनर्वर्गीकरण किया जाना है। इस लाइन का लेबल बदलकर इसे ऊपर करना है। इसे पुनर्वर्गीकरण करने के लिए रनिंग लाइन के साथ यह डायवर्जन ट्रैक बनाया गया है। इसके बनने से भानुपल्ली स्टेशन जो पहले हाल्ट था, अब जंक्शन बन गया है। इस ट्रैक पर पैनल बिछाने का काम बाकी है। इसका काम पूरा होने के बाद भानुपल्ली से बिलासपुर की मुख्य लाइन पर ट्रैक के लिए गिट्टी बिछाने का काम शुरू होगा।
भानुपल्ली से पहाड़पुर तक ट्रैक बिछाने, लिंकिंग के लिए शिवकृति इंटरनेशनल लिमिटेड को एक बड़ा टेंडर दिया गया है। 74.64 करोड़ रुपये के इस टेंडर में पंजाब, हिमाचल प्रदेश में ट्रैक ब्लास्ट आपूर्ति, रेल वेल्डिंग और संबंधित पी-वे कार्य शामिल हैं। सुरंगों को छोड़कर भानुपल्ली, थलुह, धरोट, पहाड़पुर यार्ड शामिल होंगे। भानुपल्ली से पहाड़पुर तक के ट्रैक निर्माण के लिए लगभग 1,19,651 घन मीटर गिट्टी की आपूर्ति करनी होगी। रेल वेल्डिंग के काम में कुल रेल जोड़ों के लिए मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग, एल्युमिनो-थर्मिक वेल्डिंग दोनों शामिल हैं।