अधिकारी के आने पर बदला व्यंजनों का शेड्यूल संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। उपायुक्त के आदेशों के दूसरे ही दिन जिला कल्याण अधिकारी केवल राम चौहान शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टुटीकंडी पहुंचे।
उन्होंने बच्चों के साथ खाना खाया और संवाद किया। स्कूल में जिला कल्याण अधिकारी के आने की सूचना पहले ही मिल गई थी। अधिकारी के आने पर मिड डे मील का शेड्यूल बदला गया। आमतौर पर शनिवार को बच्चों को पुलाव दिया जाता था। लेकिन अधिकारी के आने की सूचना पाकर काले चने, चावल और रायता तैयार किया था। बच्चों ने भी अधिकारी के साथ बैठकर स्वादिष्ट खाने के चटकारे लिए। बच्चे पुलाव की जगह काले चने, चावल और रायता खाकर खुश थे। अपना विद्यालय हिमाचल स्कूल ऑडोप्शन कार्यक्रम के तहत जिला कल्याण अधिकारी केवल राम चौहान ने टुटीकंडी स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों, अभिभावकों और एसएमसी के सदस्यों के साथ चर्चा की। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। नशे से दूर रहकर ही जीवन के हर मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से संबंधित जानकारी के लिए ड्रग फ्री एप और हेल्पलाइन नंबर 1908 के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को बाल विवाह, अनुसूचित जाति अत्याचार अधिनियम 1989, भिक्षावृत्ति अधिनियम, सड़क सुरक्षा, दहेज प्रथा निरोधक अधिनियम की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने नशे और सड़क सुरक्षा पर लघु नाटिका पेश की। जिला कल्याण अधिकारी ने बच्चों को सामान्य ज्ञान की पुस्तकें बांटी। इस मौके पर प्रधानाचार्य अनिता ठाकुर और एसएमसी प्रधान भीमा गौतम मौजूद रहे।