शिमला। मशोबरा में सड़क किनारे कूड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। पुलिस ने ढली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रदीप ने बताया कि शनिवार रात वह टिपर में कूड़ा ले गए थे। मशोबरा के पास चालक ने कूड़ा सड़क किनारे नीचे की ओर फेंक दिया। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें देख लिया और कूड़ा उठाने के लिए कहा। उन्होंने जवाब दिया कि सुबह कूड़ा उठाकर ले जाएंगे।
इसके बाद दोनों पैदल ढली की ओर जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे मशोबरा से आगे दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और कूड़ा फेंकने को लेकर सवाल किया। प्रदीप के अनुसार उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए सुबह कूड़ा उठाने की बात कही, लेकिन इस पर युवक गुस्सा हो गए और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि दोनों युवकों ने डंडे से पिटाई की, जबकि चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो