हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में 29 अगस्त को कोर्ट परिसर में गोलीबारी करने वाले आरोपी दिलप्रीत दहन की गैंग के सदस्य हैं। नालागढ़ में पेशी पर नाहन जेल से लाए अजय उर्फ सनी को यह लोग छुड़ाने आए थे। बताया जा रहा है कि अजय उर्फ सनी युवा अकाली दल के नेता विक्की मिद्दुखेड़ा की हत्या में भी शामिल था। विक्की मिद्दुखेड़ा की हत्या बीते वर्ष सात अगस्त को मोहाली के सेक्टर-71 में की गई थी। जैसे ही वह कार में बैठने लगे थे तो उन पर गोलियां बरसा दी थीं। इस हत्याकांड के मुख्य शूटर अजय उर्फ सनी था। इसी को छुड़ाने के लिए यह दोनों आरोपी नालागढ़ पहुंचे थे। हालांकि दिल्ली पुलिस ने बद्दी पुलिस के सहयोग से इस मामले में पंजाब के परगट सिंह, हरियाणा के विक्की और वकील को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने और भी आरोपी हिरासत में लिए हैं। बताया जा रहा है कोर्ट में पेशी से पहले आरोपी कैदी से पुलिस के सामने मिले और कैदी को अपना परिचित बताते हुए उसे केले देने लगे। हालांकि सनी ने मना कर दिया। इस दौरान उन्होंने कोडवर्ड में कैदी से बात की लेकिन सनी उनके कोडवर्ड भी नहीं समझ पाया और उन्हें पहचानने से इंकार कर दिया। उसे शक हुआ कि यह लोग उसे मारने आए थे लेकिन वह उसे छुड़ाने आए थे। एसपी मोहित चावला ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले में तीन आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार करने की सूचना है। आठ सितंबर के बाद आरोपी बद्दी पुलिस की हिरासत में आएंगे उसके बाद भी स्पष्ट रुप से इस बारे में जानकारी दे पाएंगे।