पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हम संयम बरत रहे हैं। वीरभद्र का गजेटियर निकालेंगे तो वे मुंह छिपाते फिरेंगे। मुख्यमंत्री शिमला से कांग्रेस प्रत्याशी को शिमला जिला का एकमात्र प्रत्याशी बता रहे हैं, लेकिन उन्हें पता नहीं कि भाजपा प्रत्याशी भी शिमला के ही रहने वाले हैं।
वीरभद्र ने हर वर्ग को ठगा है, अब जनता ठगने वालों को रगड़ा लगाएगी। मुख्यमंत्री हमीरपुर में बड़ा जोर लगा रहे हैं, लेकिन इस बार भाजपा पिछली बार से भी अधिक वोटों से जीतेगी। धोखेबाजों को बख्शा नहीं जाएगा। धूमल ने लंबलू सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दीवाली को चीनी का कोटा न देकर गरीबों की दीवाली फीकी की। अब लोकतंत्र के महापर्व पर जनता कांग्रेस की दीवाली फीकी करेगी। जनता देश में मोदी, हमीरपुर में अनुराग को रिकार्ड मतों से जिताएगी।
हिमाचल की नालायक सरकार जनता के हित में कोई कार्य नहीं कर पा रही। तेल का कोटा खत्म कर दिया गया, डिपुओं में राशन तक नहीं, हमने राशन बैग पर अटल का फोटो लगाया तो कांग्रेस कहने लगी राजनीति हो गई।
अब कांग्रेस ने चार-चार फोटो लगाए हैं, लेकिन बाली का थैला खाली पड़ा हुआ है। जनता कांग्रेस को सत्ता से ही नहीं राजनीति से भी बाहर कर देगी। करोड़ों अरबों के घोटाले 10 वर्षों के यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए हैं।
कांग्रेस चुनाव के दौरान युवाओं को नशा बांट रही है, जिससे जनरेशन खराब हो रही है। उन्होंने चुनाव में लोगों से सावधान रहने की अपील की तथा इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने का आग्रह किया।