पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा खतरे में है। सीमा पर न सैनिक सुरक्षित हैं और न ही सड़क पर बेटियां। प्रधानमंत्री मौनी बाबा बनकर बैठे रहे और कांग्रेसी देश को लूटते रहे।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनानी होगी। इसके लिए अनुराग ठाकुर को समर्थन दें। शुक्रवार को धर्मपुर विस क्षेत्र के जधरूं, सज्योपिपलू, बरोटी, स्योह, कोठुआं और संधोल में चुनावी जनसभाओं में प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की न तो नीति स्पष्ट है और न नीयत।
दस वर्षों से केंद्र की यूपीए सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा को पार कर गया।आज देश की जनता इस भ्रष्टाचार के कारण महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है। इससे जनता अब निजात चाहती है। यूपीए का कार्यकाल भ्रष्टाचार और महंगाई का रहा है। एनडीए के समय में महंगाई पर नियंत्रण था।
आज कांग्रेस राज में डिपो पर सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। धूमल ने कहा देश और प्रदेश में नरेंद्र मोदी की लहर है, जो इस भ्रष्टाचारी सरकार को बाहर फेंक कर ही दम लेगी। बिहार में लालू प्रसाद ने स्कूटर में चारा ढोए और हिमाचल में वीरभद्र सिंह ने स्कूटर, कार और टैंकर से एक करोड़ के सेब परवाणू तक पहुंचाए।