गदर फ्रंट संस्था के संयोजक रवि कुमार दलित ने किया दाम बढ़ाने का विरोध, बोले-प्रशासन नहीं कर रहा कार्रवाई तो श्मशानघाट में तय होगी आगे की रणनीति : रवि संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। दाह संस्कार में इस्तेमाल होने वाली लकड़ी के दाम बढ़ाने के विरोध में मंगलवार से संजौली श्मशानघाट में सांकेतिक अनशन शुरू होगा। गदर फ्रंट संस्था के संयोजक रवि कुमार दलित ने बीते दिनों इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि अनशन करने के बाद भी यदि प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली तो वह आगे की रणनीति श्मशानघाट से ही तय करेंगे।
उन्होंने इस मुद्दे को लेकर उपायुक्त शिमला और एसपी को ज्ञापन सौंपा था। वहां से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अब रवि कुमार दलित ने श्मशानघाट में बैठकर सांकेतिक अनशन करने का निर्णय लिया है। संजौली स्थित श्मशानघाट सनातन धर्म सभा के अधीन है। यहां पर पहले एक मन लकड़ी के 350 रुपये लिए जाते थे, वहीं अब 450 रुपये लिए जा रहे हैं। इसके अलावा सूद सभा की ओर से कनलोग स्थित श्मशानघाट में भी लकड़ी के दामों में प्रति क्विंटल के हिसाब से 100 से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। रवि कुमार दलित ने बताया कि एक शव को जलाने में करीब 14 मन लकड़ी लगती है। इसके हिसाब से लोगों को मजबूरी में 1400 रुपये अतिरिक्त देने पड़ेंगे।
गौरतलब है कि श्मशानघाट में लकड़ी मुहैया करवाने का काम सभाओं के पास है। वहीं सभाओं के प्रतिनिधियों का कहना है कि लकड़े के दाम बढ़ने के कारण ही उन्हें दाह संस्कार की लकड़ी के रेट बढ़ाने पड़े हैं। दूसरी तरफ लोगों का कहना है कि दाह संस्कार की लकड़ी के दामों में बढ़ोतरी करने के बजाय सरकार को राहत दिलानी चाहिए।