मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि धर्मशाला में दूसरी राजधानी का कामकाज घोषणा के दिन से ही शुरू हो गया है। इसके लिए फरवरी तक का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। शुक्रवार को धर्मशाला में मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह घोषणा कोई चुनावी शिगूफा नहीं है।
परिवहन मंत्री जीएस बाली के बयान पर सीएम ने कहा कि इस मामले में राजनीति करना ठीक नहीं है। सरकार ने सूबे के निचले जिलों के लोगों को सुविधा देने के लिए यह अहम फैसला लिया है।
बता दें कि बीते वीरवार को धर्मशाला को दूसरी राजधानी बनाने की घोषणा के बाद बाली ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करते हुए इसे इसी सत्र से शुरू करने की बात कही थी। बाली ने कहा था कि वे सीएम से मिलकर आग्रह करेंगे कि धर्मशाला में दूसरी राजधानी का कामकाज फरवरी महीने से ही शुरू करें ताकि जनता को यह न लगे कि यह चुनावी शिगूफा है।
विधवा पुनर्विवाह योजना की अनुदान राशि दोगुना बढ़ी
विधवा पुनर्विवाह योजना के अंतर्गत दी जाने वाली अनुदान राशि बढ़कर 25 हजार रुपये से 50 हजार रुपये की गई है। सरकार ने 188 लाख रुपये खर्च कर 432 विधवाओं को लाभान्वित किया है। सरकार ने मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना में दी जाने वाली राशि भी बढ़ाई है।
योजना से प्रदेश की 78847 महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला में शुक्रवार को महिला कल्याण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सैन्य सेवा के साथ अन्य कठिन क्षेत्रों में भी सेवाएं दे रही हैं। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल, विभाग की सचिव अनुराधा ठाकुर भी मौजूद रहीं।
कांगड़ा मंदिर बाजार से हटेंगे कैनोपी शैड
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा के मंदिर बाजार में लगे कैनोपी शैड हटाने के निर्देश दे दिए हैं। शुक्रवार को बज्रेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे मुख्यमंत्री के समक्ष कुछ लोगों ने यह मांग रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि सुरक्षा के लिहाज से कैनोपी शैड हटाए जाना जरूरी हैं।
वहीं, कैनोपी शैड की वजह से यहां अंधेरा कायम रहता है। उन्होंने जिलाधीश सीपी वर्मा को कैनोपी शैड हटाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क किनारे सूखे पेड़ों से हो रही समस्या भी इस दौरान उठाई गई।
सीएम ने कहा कि कांगड़ा बाईपास से लेकर बस अड्डे तक सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ों को हटाया जाएगा। उन्होंने ऐसे बिजली के खंभे हटाने के भी निर्देश दिए, जिनसे लोगों को समस्या हो रही है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए वेंटिलेटर वैन उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया।
मंदिर के पुजारियों ने सीएम से विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। पर्यटन विभाग की ओर से कांगड़ा शहर के लिए तैयार मास्टर प्लान की भी सीएम ने जानकारी ली। इस मौके पर सुधीर शर्मा, ठाकुर सिंह भरमौरी आदि मौजूद रहे।