निर्वासित तिब्बती सरकार (सेंट्रल तिब्बेटन एडमिनिस्ट्रेशन) के सिक्योंग और सांसदों के चुनाव के लिए 1 फरवरी को होने वाले प्रारंभिक मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव आयोग ने 27 देशों में 87 क्षेत्रीय चुनाव कार्यालयों के अंतर्गत कुल 309 मतदान क्षेत्र स्थापित किए हैं। इनकी निगरानी के लिए 1,737 चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। तिब्बती स्वेटर विक्रेताओं की मौसमी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए बस्तियों से बाहर रहने वाले मतदाताओं के लिए 31 विशेष मतदान क्षेत्र भी बनाए गए हैं। सिक्योंग और सांसद पदों के लिए लगभग 98 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। अब तक करीब 91,000 मतदाता निर्वासित तिब्बती सरकार के चुनाव के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। तिब्बती संसद में कुल 45 सदस्य होते हैं। प्रारंभिक चरण संपन्न होने के बाद द्वितीय और अंतिम चरण के चुनाव 26 अप्रैल 2026 को होंगे।