बेस्ट फ्रेंड के मोबाइल की जांच की मांग उठाई
वहीं आरोपी छात्रा की ओर से पीड़िता सहित उसकी बेस्ट फ्रेंड के मोबाइल की जांच की मांग उठाई जा रही है। इन मोबाइल फोन से ही मामले के सही तथ्य सामने आने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस की टीमें उन अस्पतालों में मेडिकल रिपोर्ट को कब्जे में ले रही हैं, जहां पीड़ित छात्रा उपचाराधीन रही। मेडिकल रिपोर्ट से भी छात्रा के अस्पताल में उपचाराधीन होने के कारणों का खुलासा और मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस मामले में एक और प्राेफेसर और छात्रा का नाम आने के चलते उनसे भी पुलिस की ओर से नियमों के तहत पूछताछ की जाएगी। साथ ही आरोपी छात्रा के वायरल वीडियो के अनुसार इन तथ्यों को लेकर पूछताछ और जांच की जाएगी। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। सभी आरोपी युवतियों से भी नियमों के तहत पूछताछ की जा रही है। किसी वीडियो में युवती ने कोई बात कही है, तो उसे लेकर भी पुलिस की ओर से जांच की जाएगी।
निष्पक्षता से हो जांच : प्रो. मोनिका
इस मामले को लेकर मनोविज्ञान विषय की प्रोफेसर मोनिका मक्कड़ ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि जब यह मामला सामने आया था तो तब इसे उजागर क्यों नहीं किया गया था। मामला इतना लेट उजागर होने पर इसमें साजिश की बू आ रही है। इस मामले को निष्पक्षता से पुलिस को जांच करनी चाहिए और सच सामने लाना चाहिए।
छात्रा मौत मामले की निष्पक्ष जांच करवाए सरकार : चानना
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजेश चानना ने धर्मशाला में कॉलेज छात्रा की मौत मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। डॉ. राजेश ने कहा है कि प्रदेश में महिला व दलित उत्पीड़न के बढ़ते मामले चिंताजनक हैं और कानून-व्यवस्था पर सवालिया प्रश्न खड़ा कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं की प्रदेश में पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए। छात्रों की मौत के जो भी कारण रहे हैं उन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।