तिब्बती निर्वासित संसद का बजट सत्र (17वीं संसद का 11वां सत्र) सोमवार को शुरू हुआ। यह 30 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। सत्र के आरंभ की घोषणा संसद के अध्यक्ष खेन्पो सोनम तेनफेल ने की। सत्र में उपाध्यक्ष डोलमा सेरिंग तेयखांग, सिक्योंग (प्रधानमंत्री) पेंपा सेरिंग, मंत्रिपरिषद के सदस्य तथा सांसद उपस्थित रहे। कार्यवाही की शुरुआत तिब्बती राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद अध्यक्ष ने अपना उद्घाटन संबोधन दिया और सत्र के संचालन के लिए कार्यवाहक अध्यक्षों तथा अस्थायी समिति के सदस्यों की नियुक्ति की। अपने संबोधन में अध्यक्ष ने दलाई लामा तथा निर्वासन में रह रहे तिब्बती समुदाय की वरिष्ठ पीढ़ी के दूरदर्शी प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और भारतीय जनता सहित कई देशों और अंतरराष्ट्रीय समर्थकों के सहयोग से तिब्बती समुदाय पिछले छह दशकों से अधिक समय से अपनी भाषा, संस्कृति और धार्मिक परम्पराओं को सुरक्षित रखने में सफल रहा है तथा तिब्बत के मुद्दे के प्रति वैश्विक जागरूकता भी बढ़ी है।