श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ गणेश और लक्ष्मी की मूर्ति स्थापना और वंदना के साथ हुआ। रविवार को यज्ञशाला में आचार्य बालक राम की अगुवाई में मंदिर अधिकारी गिरिराज ठाकुर, पूर्व न्यासी सुभाष चंद और विजय अरोड़ा ने पूजा-अर्चना की।
मंदिर अधिकारी गिरिराज ठाकुर ने बताया कि आचार्य बालक राम की अगुवाई में 51 विद्वान पंडितों और 10 संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों की ओर से नौ दिन तक रामायण पाठ, रुद्र पाठ, शतचंडी, लक्ष्मी पाठ आदि पथ किए जाएंगे। मंदिर में नारियल चढ़ाने और हथियार ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
हर आने जाने वाले रास्ते पर पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे खोले जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इस मौके पर यज्ञशाला में संस्कृत महाविद्यालय के प्रिंसिपल हरीश शर्मा, अनन्या शर्मा और संजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे।