नगर निगम में शामिल होने के तीन माह बाद भी न्यू मर्ज एरिया के हजारों लोगों को नहीं मिली राहत
विज्ञापन
मशोबरा, लंबीधार, टिल्ला और ब्योलिया क्षेत्र का मामला अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम में शामिल होने के बावजूद कंपनी ने न्यू मर्ज एरिया के लोगों से महंगी दर पर पानी के बिल वसूल लिए। तीन महीने से इन इलाकों के सैकड़ों पेयजल उपभोक्ताओं को महंगी दर पर पानी के बिल थमाए जा रहे हैं। उधर लोग महंगी दर पर ही पानी बिल भरने को मजबूर हैं।
सरकार ने बीते साल शहर से सटी पंचायतों के कई इलाके नगर निगम में शामिल कर दिए थे। 20 दिसंबर को इस बारे में अधिसूचना भी जारी हो गई। मशोबरा, लंबीधार, टिल्ला, ब्योलिया जैसे पंचायती इलाके नगर निगम में मर्ज किए गए। पंचायती इलाकों में कंपनी के एक हजार से ज्यादा पेयजल कनेक्शन हैं जिनसे तीन हजार से ज्यादा परिवार पानी पी रहे हैं। नगर निगम का हिस्सा होने से इनमें अब निगम क्षेत्र के ही नियम लागू होने हैं। शहर के घरेलू उपभोक्ताओं की तरह इन्हें भी सस्ती दरों पर पानी के बिल जारी होने हैं। लेकिन कंपनी ने इसकी प्रक्रिया तक शुरू नहीं की। तीन महीने से महंगी दर पर ही उपभोक्ताओं से पानी के बिल वसूल लिए। न्यू मर्ज एरिया में शामिल लंबीधार निवासी एवं पूर्व उप महापौर शैलेंद्र चौहान ने कहा कि नगर निगम में मर्ज होने के बावजूद कंपनी महंगे रेट वसूल रही है। नगर निगम को चाहिए कि कंपनी को निर्देश दें। कई महीने से निगम का हिस्सा होने के बाजवूद उपभोक्ताओं को पंचायती क्षेत्र की तर्ज पर बिल जारी किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
कंपनी को जारी होंगे निर्देश : महापौर नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इस बारे में कंपनी के अधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी जो इलाके अब निगम में मर्ज हो गए हैं, उन्हें शहर की तरह पानी के बिल जारी होने चाहिए। निगम जल्द ही यहां घरों से कूड़ा उठाने की सुविधा भी देने जा रहा है।
अभी इसकी जानकारी नहीं : एजीएम पेयजल कंपनी के एजीएम दिनेश भारद्वाज ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। कंपनी के पास न्यू मर्ज एरिया से इस बारे में कोई मामला नहीं आया है। इस पर जल्द चर्चा कर कोई फैसला लिया जाएगा।
इनसेट घरेलू उपभोक्ताओं से इन दरों पर वसूले बिल पानी की मात्रा शहरी क्षेत्र न्यू मर्ज एरिया 0-20 किलोलीटर 19.30 रुपये प्रति किलोलीटर 43.20 रुपये प्रति किलोलीटर 21-30 किलोलीटर 33.28 रुपये प्रति किलोलीटर 66.50 रुपये प्रति किलोलीटर 30 किलोलीटर से ज्यादा 59.90 रुपये प्रति किलोलीटर 93.17 रुपये प्रति किलोलीटर