रिज मैदान के धंसने का खतरा बताकर एमसी के डिप्टी मेयर ने प्रधानमंत्री मोदी को यहां रैली नहीं करने के लिए पत्र लिखा है। 27 अप्रैल को रिज मैदान पर प्रधानमंत्री की रैली प्रस्तावित है। उप- महापौर ने रिज मैदान पर बने भंडारण टैंक के एक ओर आई दरारों का हवाला दिया है। टिकेंद्र पंवर ने पत्र में साफ किया है कि मीडिया के माध्यम से उन्हें ज्ञात हुआ है कि शिमला दौरे के दौरान प्रधानमंत्री रिज मैदान पर जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम रखा गया है।
रिज मैदान के नीचे शिमला शहर के लिए पेयजल भंडारण टैंक बना है। 107 साल पुराने बने इस टैंक की हाल की गई सफाई के दौरान मेयर संजय चौहान के साथ उन्होंने निरीक्षण किया था। टैंक के एक छोर में दरारें भी देखने को मिली है। टैंक निर्माण में पत्थरों की चिनाई ही की गई है, जो कमजोर पड़ती जा रही है। पुरानी सामग्री कमजोर पड़ चुकी है। इससे टैंक के ऊपर रिज मैदान पर प्रधानमंत्री की रैली के लिए जुटने वाली भीड़ से खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए वहां इतना बड़ा आयोेजन करवाना सुरक्षित नहीं होगा।
सुरक्षा कारणों के चलते पिछले कई सालों से समर फेस्टिवल के स्टेज को गेयटी की ओर शिफ्ट कर बनाया जाता रहा है। इन्हीं तथ्यों को पेश करते हुए उप महापौर ने पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री से कहा है कि वे उनके इस पत्र को लिखे जाने की वजह को समझते हुए रैली स्थल कहीं और तय किए जाने के दिशा निर्देश देंगे। पंवर ने भविष्य में भी रिज मैदान पर ऐसे बड़े आयोजन न करवाए जाने का फैसला लिए जाने पर भी जोर दिया है।