वरिष्ठ अधिकारियों से मिले नवनिर्वाचित पदाधिकारी, तकनीकी सामग्री और लंबित वित्तीय मामलों के समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ जिला शिमला की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा, स्टाफ की कमी, तकनीकी सामग्री की उपलब्धता और लंबित वित्तीय मामलों को प्रमुखता से उठाया गया।
जिला कार्यकारिणी ने मुख्य अभियंता शिमला जोन, उप मुख्य अभियंता, शिमला सर्किल, उप मुख्य अभियंता, इलेक्ट्रिकल सिस्टम टूटू, अधिशासी अभियंता, इलेक्ट्रिकल सिस्टम टूटू तथा अतिरिक्त अधिशासी अभियंता, डिवीजन नंबर-2 शिमला से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में जिला अध्यक्ष अंकेश कुमार, जिला सचिव मनोज ठाकुर और राज्य महासचिव पवन परमार ने फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने का काम कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध होना आवश्यक है। इसके साथ ही जरूरी तकनीकी सामग्री समय पर उपलब्ध करवाने और विभिन्न इकाइयों में स्टाफ की कमी दूर करने की मांग भी रखी गई। संघ ने लंबित कर्मचारी वित्त संबंधी मामलों पर भी जल्द कार्रवाई की मांग की। वहीं, अधिकारियों को 18 अगस्त को रोहड़ू में हुई जिला शिमला की त्रैवार्षिक आम सभा एवं चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए संबंधित दस्तावेज सौंपे गए।
जिला अध्यक्ष अंकेश कुमार ने कहा कि सभी इकाइयों से कर्मचारियों की समस्याएं एकत्रित कर जल्द जिला शिमला का विस्तृत मांगपत्र तैयार किया जाएगा। अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और कुछ मामलों में संबंधित अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।