कुल्लू और रामपुर से भट्ठाकुफर मंडी पहुंच रही फलों की खेप
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। बाहरी राज्यों में शिमला के सेंटारोजा प्लम की मांग बढ़ गई है। बागवानों को इस बार सेंटारोजा के अच्छे दाम मिल रहे हैं। राजधानी के भट्ठाकुफर फल मंडी में रोजाना ढाई से तीन हजार बॉक्स प्लम के पहुंच रहे हैं।
भट्ठाकुफर फल मंडी में सेंटारोजा का पांच किलो का बॉक्स 200 से 250, थ्री एक्स बॉक्स 300 से 350, फोर एक्स बॉक्स 350 से 450 और फाइव एक्स का बॉक्स 500 से 550 रुपये में बिक रहा है। भट्ठाकुफर फल मंडी के कुशान ट्रेडर्स फर्म के संचालक यशवंत शर्मा ने बताया कि प्लम की सेंटारोजा किस्म की सप्लाई कुल्लू और रामपुर से आ रही है। बाहरी राज्यों में मुंबई, गुजरात, पूणे और अहमदाबाद तक इसकी सप्लाई भेजी जा रही है। बताया कि प्लम के अलावा खुमानी की मांग भी अधिक है। खुमानी का दो किलो का एक बॉक्स 200 से 300 रुपये में बिक रहा है। संवाद