एयर इंडिया की भुंतर-दिल्ली हवाई सेवा को बंद कर दिया है। खराब मौसम और धुंध के चलते यह फैसला लिया गया है। भुंतर एयरपोर्ट पर दिल्ली से कुल्लू के लिए सोमवार को भी एयर इंडिया की प्रस्तावित आखिरी उड़ाननहीं हो सकी। मौसम खराब होने के चलते उड़ान रद्द कर दी गई।
एयर इंडिया कंपनी ने मौसम को देखते हुए भुंतर-दिल्ली हवाई सेवा को 22 जुलाई से 31 अगस्त तक बंद कर दिया है। सोमवार को दिल्ली से भुंतर के बीच अंतिम उड़ान होनी थी। अब एयर इंडिया की फ्लाइट एक सिंतबर से शुरू होगी।
बरसात के दिनाें में दिल्ली-भुंतर के बीच धुंध रहने के चलते उड़ानों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। भुंतर स्थित एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक वाईके शर्मा ने एयर इंडिया की उड़ानों के बंद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सोमवार को अंतिम उड़ान होनी थी, लेकिन मौसम खराब होने के चलते विमान नहीं आ सका है। 31 अगस्त तक अब कोई उड़ान नहीं होगी।
दिल्ली के लिए चार्टर्ड विमान
एयर इंडिया की उड़ानें बंद होेने पर हिमालयन बुल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी मनाली 22 जुलाई से भुंतर-दिल्ली के बीच अपने चार्टर्ड सेवा शुरू करेगा। आठ सीटर यह विमान पूरे हफ्ते उड़ानें भरेगा।
चार्टर्ड पहली उड़ान भुंतर से दिल्ली तथा दूसरी उड़ान भुंतर से चंडीगढ़ के बीच भरेगा। कंपनी के निदेशक बुद्धि प्रकाश ठाकुर तथा पंकज बख्शी ने कहा कि 22 जुलाई से एयरक्रॉफ्ट भुंतर-दिल्ली के लिए उड़ान शुरू करेगा।