हिमाचल के गबरू को दिल्ली पुलिस ने बहादुरी अवार्ड दिया है। यह पुरस्कार सिरमौर जिले की कोलर पंचायत के आशीष कोलाष लबाणा को मिला है। उन्होंने सितंबर 2015 में लूट की कोशिश कर रहे तीन बदमाशों में से एक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके लिए उन्हें दिल्ली पुलिस ने प्रशस्ति पत्र और नकद इनाम राशि दी है।
पांवटा के कोलर पंचायत निवासी आशीष कोलाष लबाणा (24) दिल्ली के मुखर्जी नगर में रहते हैं। वह बैंकिंग और एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। वह 4 सितंबर, 2015 को अपने दो दोस्तों के साथ ऑटो में जा रहे थे। इस बीच 3 बदमाशों ने उन्हें घेरकर लूटपाट शुरू कर दी।
आशीष (24) ने इन बदमाशों के साथ जमकर मुकाबला किया। घबराकर बदमाश भागने लगे, लेकिन आशीष ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश की पहचान कुख्यात पंकज के रूप में की, जो अंतरराज्यीय गिरोह चलाता है।