निशिता काल में रात 11:41 बजे के बाद हुई भगवान विष्णु और महादेव की आराधना
विज्ञापन
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। देवभूमि में आस्था और भक्ति का पर्व बैकुंठ चतुर्दशी सोमवार को शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में दीपदान उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में एक साथ 365 बत्तियां जलाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई।
खास बात यह रही कि सभी 365 बत्तियां एक ही नारियल में जलाई गईं। शाम चार बजे से शुरू हुए इस उत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे हरि-हर मिलन के रूप में भी जाना जाता है। इस अवसर पर निशिता काल में रात 11:41 बजे के बाद भगवान विष्णु और महादेव की एक साथ आराधना की गई। भगवान विष्णु को पीले फूल, चंदन और तुलसी दल अर्पित किए जबकि भगवान शिव की पूजा में बेलपत्र, धतूरा, भांग और सफेद फूल चढ़ाए गए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।