हिमाचल की बेटी ने दिल्ली के राजपथ पर हुई गणतंत्र दिवस पर परेड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देखी। ठियोग-कुमारसैन विधानसभा की दिपांशू राजटा इस कार्यक्रम में शामिल होने वाली प्रदेश की इकलौती छात्रा हैं। देश भर से 100 मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गणतंत्र दिवस पर परेड देखने के लिए एक केबिन में बैठने की व्यवस्था की गई थी।
ठियोग के फागू क्षेत्र की रहने वाली दिपांशू राजटा भी इनमें शामिल रहीं। दिपांशू राजटा ने मॉडर्न पब्लिक स्कूल फागू से 12वीं कक्षा पास की है। इसके बाद वाकनाघाट स्थित बाहरा यूनिवर्सिटी में शिक्षा ग्रहण करने गईं। यहां दिपांशू ने बीटेक में टॉप किया। इसके लिए प्रदेश की इस बेटी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गणतंत्र दिवस देखने के लिए भारत सरकार के मानव संसाधन मंत्रालय की ओर से बुलाया गया।
दिपांशू के पिता नरेश राजटा, मां सत्या देवी और दादा शोभा राम राजटा ने बताया कि उनके लिए यह गर्व की बात है। इस पल के साक्षी बनने में दिपांशू के साथ परिवार के कई लोग भी उनके साथ वहां मौजूद रहे। उधर, बेटी की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इलाके के लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।