पर्यटन सीजन में कुल्लू-मनाली के भुंतर हवाई अड्डे से दिल्ली का सफर अब 22434 रुपये में होगा। अमर उजाला में खबर छपने के दो दिन बाद एलायंस एयर ने किराये में करीब साढ़े तीन हजार रुपये की कमी की है। पहले प्रति सीट दिल्ली का किराया करीब 26 हजार रुपये था। हालांकि, किराया कम होने के बाद भी पर्यटन कारोबारी इसे पर्यटन के लिए बड़ी राहत नहीं मान रहे हैं। अमर उजाला ने 13 अप्रैल के अंक में दुबई से महंगा हो गया कुल्लू से दिल्ली तक का हवाई सफर शीर्षक से यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद एलायंस एयर कंपनी को किराया बढ़ाने के फैसले को पलटना पड़ा। पुराने किराये पर टिकट देना शुरू कर दिया है। उधर, जिले के पर्यटन कारोबारी इस राहत से संतुष्ट नहीं हैं।
पूर्व होटल एसोसिएशन मनाली के प्रधान अनूप राम ठाकुर, होटलियर गौतम ठाकुर, अनिल कुमार, मणिकर्ण वैली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर और ललित कुमार ने कहा कि दिल्ली-भुंतर की इतनी महंगी उड़ान में कौन सफर करेगा। एक तरफ का किराया साढ़े 22 से 26 हजार रुपये देना पड़ रहा है। सरकार को चाहिए वह पूर्वोत्तर राज्यों की तर्ज पर इस फ्लाइट को उड़ान योजना में शामिल करे। कहा कि इस साल कुल्लू-मनाली में पर्यटन सीजन अच्छा चलने की उम्मीद है। ऐसे में प्रदेश और केंद्र सरकार को 48 सीटर के साथ 19 सीटर डोर्नियर की अतिरिक्त सेवा शुरू करनी चाहिए। उधर, भुंतर हवाई अड्डे में तैनात एलायंस एयर के स्थानीय मैनेजर अमित नंदा से फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।