हिमाचल के चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के झज्जाकोठी इलाके में लोनिवि के एक जेई की लाश बरामद हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मेडिकल कॉलेज चंबा में शनिवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट व चिकित्सकों की टीम शव का पोस्टमार्टम करेगी। फौरी जांच में जेई के मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। हालांकि, हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ कर छानबीन तेज कर दी है।
जानकारी अनुसार लोनिवि में बतौर कनिष्ठ अभियंता पांगी निवासी भसीन शर्मा झज्जाकोठी में तैनात था। वीरवार को वह झज्जाकोठी में शाम तक साइट पर था। लेकिन शुक्रवार सुबह के समय सड़क किनारे उसकी लाश बरामद हुई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका भी घटनास्थल का जायजा लिया और छानबीन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। चंबा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने शक के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर कुछ लोगों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने लोनिवि के जेई का झज्जाकोठी के पास शव बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।