दो मशीनें खराब, सिर्फ एक मशीन से हो रहे मरीजों के एक्स-रे, अस्पताल प्रशासन ने सरकार से की मशीन लगाने की मांग
विज्ञापन
मरीजों को एक्स-रे के लिए घंटों करना पड़ता है कतार में इंतजार अमर उजाला ब्यूरो शिमला। दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल (डीडीयू) में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल से चला आ रहा नई आधुनिक मशीन लगाए जाने का इंतजार खत्म होता नजर नहीं आ रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की घोषणा भी की थी लेकिन डिजिटल तो दूर, यहां नई सामान्य तकनीक की एक्स-रे मशीन तक मरीजों को नसीब नहीं हो पाई है। मौजूदा स्थिति यह है कि इस अस्पताल की दो एक्स-रे मशीनें खराब पड़ी हैं और केवल एक एक्स-रे मशीन से ही रोजाना आने वाले 60 से 70 मरीजों के एक्स-रे हो पा रहे हैं। इसके चलते हर आयु वर्ग के मरीजों को एक्स-रे के लिए घंटों कतार में इंतजार करना पड़ता है। यह कमोबेश रोज की स्थिति है और इससे जल्द निजात मिलने की उम्मीद भी कम ही है। यदि यह एकमात्र एक्स-रे मशीन भी खराब हो गई तो अस्पताल में एक्स-रे सेवा पूरी तरह ठप हो जाएगी।
अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल के लिए एक नई एक्स-रे मशीन खरीदकर स्थापित करने की मांग सरकार और विभाग के समक्ष उठाई है, लेकिन अभी तक मशीन की खरीद नहीं हो पाई है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने माना कि इन दिनों एक ही मशीन से मरीजों के एक्स-रे किए जा रहे हैं। पुरानी और खराब पड़ी मशीनों की जगह नई एक्स-रे मशीन लगाए जाने के लिए सरकार और विभाग को फिर से प्रस्ताव भेजा गया है। इसे मंजूरी मिलने और बजट स्वीकृत होने के बाद ही अस्पताल में नई मशीन लगाई जा सकेगी।