केंद्र सरकार की संशोधित प्रत्यक्ष लाभांश स्थानांतरण योजना से उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए 15 जनवरी तक शहर में जगह-जगह विशेष शिविर लगेंगे। सोमवार को जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कारपोरेशन के संयुक्त तत्वाधान में रिज मैदान पर शिविर लगाया गया।
शिविर का शुभारंभ डीसी दिनेश मल्होत्रा ने किया। इस अवसर पर विभिन्न वार्डों में पंजीकरण करने वालों की गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। लिंकेज करवाने से छूट चुके उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विशेष शिविर 15 जनवरी तक लगेंगे।
सचिवालय में प्रत्येक सोमवार, संजौली चौक (नजदीक पुलिस चौकी) में मंगलवार, कसुम्पटी (नजदीक इंडियन ऑयल कारपोरेशन आफिस) में बुधवार, लक्कड़ बाजार बस अड्डा (वर्षाशालिका) में वीरवार, नाभा कालोनी में शुक्रवार, बालूगंज में शनिवार और टुटू में रविवार को उपभोक्ताओं के पंजीकरण के लिए शिविर लगेंगे।
डीसी दफ्तर में भी एक काउंटर खोला जाएगा। डीसी दिनेश मल्होत्रा ने बताया है कि शिमला नगर में 74 और जिले में 67 प्रतिशत उपभोक्ताओं का पंजीकरण प्रत्यक्ष लाभांश स्थानांतरण योजना के तहत किया जा चुका हैं।
डीसी ने लोगों से शीघ्र लिकेंज करवाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डा. यूनुस, इंडियन ऑयल कारपोरेशन की सहायक प्रबंधक (एलपीजी सेल्स) मानसी दूलो, जिला नियंत्रक खाद्य एवं आपूर्ति रमेश गंगोत्रा मौजूद रहे।