भट्टाकुफर फल मण्डी में 230 रुपये प्रति किलो बिकी डार्क बैरन गला सेब की पेटी। फोटो संवाद
कोटखाई के बघारी गांव से 24 हाॅफ बॉक्स लेकर भट्ठाकुफर मंडी पहुंचा बागवान, 2300 रुपये प्रति बॉक्स मिले दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी में सोमवार को डार्क बैरन गाला सेब को इस सीजन के अब तक के रिकॉर्ड दाम मिले। यह सेब 230 रुपये प्रति किलो तक बिका, जिससे बागवानों और आढ़तियों में दिनभर इसकी चर्चा बनी रही।
कोटगढ़ के बघारी गांव से बागवान पवन मेहता 24 हाॅफ बॉक्स डार्क बैरन गाला लेकर मंडी पहुंचे थे। उन्हें पीआरजे ट्रेडर्स (फर्म नंबर 53) पर प्रति बॉक्स 2300 रुपये का मूल्य मिला। एक बॉक्स का वजन करीब 10 किलो होता है। बेहतर दाम मिलने से बागवान बेहद खुश नजर आए। उन्होंने बताया कि बारिश के बाद सेब में चमक (शाइन) आ गई है। रविवार को तुड़ान किया गया और सोमवार को मंडी पहुंचते ही उन्हें सीजन का सबसे अच्छा भाव मिला।
फर्म के संचालक अंशुमन ने बताया कि यह दाम अब तक का सबसे ऊंचा है। इसका मुख्य कारण सेब की बेहतरीन गुणवत्ता, रंग और आकार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे सेब की आवक बढ़ेगी, वैसे-वैसे और भी अच्छे दाम बागवानों को मिल सकते हैं।
मौसम साफ होते ही फल मंडी में सेब और नाशपाती की खेप में तेजी आई है। इन दिनों मंडी में रोजाना चार से पांच हजार बॉक्स सेब और दो से तीन हजार बॉक्स नाशपाती पहुंच रही है। इस दौरान टाइडमैन किस्म के सेब को 1600 से 2000 रुपये प्रति बॉक्स और नाशपाती को 1500 से 1900 रुपये प्रति बॉक्स तक दाम मिल रहे हैं। एक बॉक्स का औसत वजन लगभग 20 किलो है।
मंडी में प्लम की आवक घटने लगी है क्योंकि इसका सीजन अब अंतिम चरण में है। दो हफ्ते पहले जहां मंडी में प्लम के 8 से 9 हजार बॉक्स आ रहे थे, वहीं सोमवार को इनकी संख्या घटकर 2 से 3 हजार बॉक्स रह गई है। बागवानों को इस बात की उम्मीद है कि इस बार मौसम और बाजार दोनों अनुकूल रहे तो उन्हें मेहनत का अच्छा फल मिलेगा।