हिमाचल के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 25 जनवरी को महंगाई भत्ता(डीए) की घोषणा की जा सकती है। पूर्ण राज्यत्व दिवस पर यह एलान झंडूता में होने जा रहे राज्यस्तरीय समारोह में हो सकता है। कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए यह महंगाई भत्ता एक जुलाई 2019 से लंबित है।
हिमाचल के 50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस पर कर्मचारियों और पेंशनरों की नजरें हैं। 25 जनवरी, 1971 को हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। उसके बाद से हर साल यह समारोह धूमधाम से मनाया जाता है।
हर बार इसके लिए अलग स्थान का चयन होता है। 25 जनवरी को राज्य स्तरीय समारोह बिलासपुर के झंडूता में होगा। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। यह समारोह शहीद अश्वनी कुमार स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता में सुबह 11 बजे होगा।
केंद्र सरकार ने पांच फीसदी की दर से अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए जारी किया है। हिमाचल सरकार भी इसके लिए केंद्र सरकार का अनुसरण करेगी कि नहीं, इस बारे में तो स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, कर्मचारियों-पेंशनरों को यह आस बंधी है कि उन्हें इस बार डीए के रूप में यह तोहफा मिल सकता है।