कालीबाड़ी हॉल में नृत्य प्रतियोगिताओं में देशभर के कलाकारों ने दीं रंगारंग प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के कालीबाड़ी हॉल में अंबाला की आठ साल की माही शर्मा ने निंबुड़ा-निंबुड़ा गाने पर धमाल मचाया। सभागार में दर्शकों ने खूब तालियां बजाकर नन्ही कलाकार की सराहना की। माही ने अपनी पूरी प्रस्तुति कथक नृत्य में दी। रिपन अस्पताल की ब्लड बैंक की प्रमुख डॉ. गंगा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। 70वें वार्षिक अखिल भारतीय नाटक और नृत्य प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को 100 से अधिक नृत्य प्रस्तुतियां हुईं। भरतनाट्यम, ओडिशी, रवींद्र नृत्य, मोहिनीअट्टम और कथक सहित अन्य नृत्य कलाएं प्रस्तुत की गईं। इस दौरान पश्चिम बंगाल की अंगिरा मुखर्जी ने एक भावुक प्रस्तुति दी, जिसने सभी लोगों के दिलों को छू लिया। इसके अलावा कार्यक्रम में इंदौर के द्रुपद डांस अकादमी, नई दिल्ली के अमरपाली कला पीठ, श्री भरथलाया कंचीपुरम तमिलनाडु, झनकार भारतनत्यम अकादमी गुजरात, देहरादून के शिवालय द परफॉर्मिंग आर्ट्स अकादमी और गुजरात के नाट्यालय स्कूल ऑफ क्लासिकल डांस की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। निर्णायक मंडल में भरतनाट्यम नर्तकी डॉ. अंजलि राव, कथक विशेषज्ञ विक्रम सिंह, समकालीन नृत्य की विशेषज्ञ नेहा मेहता और नवीन आर्य शामिल रहे।
नाटक प्रतियोगिता के दूसरे दिन 10 नाटकों का मंचन
अखिल भारतीय नाटक प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को गेयटी थियेटर के गौथिक हाल में 10 नाटकों का मंचन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने शिरकत की। सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर, राजस्थान मध्यम साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्था प्रयागराज उत्तर प्रदेश, नाटक कंपनी वडोदरा, गुजरात, सुरभि रंग आर्ट एंड वेलफेयर सोसायटी लुधियाना पंजाब, राजनांदगांव थियेटर ग्रुप राजनांदगांव छत्तीसगढ़, हरियाणा कला संस्कृति मंच हिसार, सूत्रधार (प्रदर्शन कला संस्थान) नागांव असम, अरुणा किशोर फाउंडेशन वडोदरा गुजरात, रंगम थियेटर अहमदाबाद, सैनिक मित्र जेएनपीटी नवी मुंबई ने नाटकों का मंचन किया।