ग्रामीणों को गंदे पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा।
- फोटो : अमर उजाला
चौहारघाटी की लटराण पंचायत के कुफरधार गांव के ग्रामीणों को गंदे पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट कर सरकार से इसकी शिकायत की है। इसके बाद मुख्य सचिव ने मंडी डीसी से रिपोर्ट तलब की।
एसडीएम पधर ने मौके का दौरा किया और जांच परख की। इसमें सामने आया है कि खेती बाड़ी के लिए ग्रामीण अपने घर से पानी खुद ले जाते हैं। इसमें वायरल वीडियो में बताई जा रही समस्या को प्रशासन ने नकारा है।
ग्रामीणों के अनुसार कुफरधार के बाशिंदों के लिए आईपीएच विभाग ने कोई भी पेयजल योजना नहीं बनाई है। ऐसे में ग्रामीणों को जंगल में गड्ढे खोद कर बारिश के इकट्ठे किए गए पानी से अपना गुजारा करना पड़ रहा है।
इस गंदे पानी से जहां ग्रामीण अपनी प्यास बुझाते हैं वहीं अपने पालतू मवेशियों को भी यही पानी पिलाया जाता है। इससे गांव में महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने पर मुख्य सचिव ने कड़ा संज्ञान लिया।